पश्चिम बंगाल के में वोटिंग के दौरान फेंके गए देसी बम, कई मतदाता घायल

मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले फेज की वोटिंग जारी है। इस बीच मुर्शिदाबाद जिले के नौदा इलाके में हिंसा की घटना सामने आई है। जहां मतदान के बीच कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर देसी बम फेंक दिया। इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद घायलों को नजदीकी अस्पतालों और मेडिकल सेंटरों में भर्ती कराया गया। हालांकि, घायलों की सटीक संख्या और उनकी स्थिति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
प्रत्यशदर्शियों ने क्या बताया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका उस समय हुआ जब बड़ी संख्या में लोग मतदान केंद्र के आसपास मौजूद थे। अचानक हुए इस हमले से मतदाताओं और स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए और पूरे इलाके को घेर लिया। हालात को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि हमले के पीछे शामिल लोगों की पहचान के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। वहीं इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है।
सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 152 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शुरू हुआ। उत्तर में दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी से लेकर दक्षिण में मुर्शिदाबाद, नदिया, बीरभूम और हुगली तक के जिलों में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की कतारें नजर आईं। पहले चरण में राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से आधे से अधिक सीटों पर मतदान हो रहा है।