CrimeLatest News

नीट पेपर लीक मामले में नासिक से आरोपी शुभम खैरनार हिरासत में, पिता की पहली प्रतिक्रिया

नासिक – देशभर में चर्चा में चल रहे नीट पेपर लीक मामले में नासिक से 30 वर्षीय शुभम खैरनार को हिरासत में लिए जाने से हड़कंप मच गया है। इस मामले में शुभम पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसी बीच उसके पिता डॉ. मधुकर खैरनार ने अपने बेटे का बचाव करते हुए उसे निर्दोष बताया है।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए शुभम के पिता डॉ. मधुकर खैरनार ने कहा, “हमारा बेटा निर्दोष है। वह पिछले छह महीनों से नासिक में बीएएमएस की प्रैक्टिस कर रहा है। उसका इस मामले से कोई संबंध नहीं है। यदि उसका नाम इस मामले में आ रहा है, तो उसकी पूरी जांच होनी चाहिए।”

जानकारी के अनुसार, राजस्थान सीबीआई और पुलिस से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर नासिक क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने यह कार्रवाई की। शुभम खैरनार मूल रूप से नांदगांव का रहने वाला है और नासिक में बीएएमएस के अंतिम वर्ष का छात्र था। जांच के दौरान पुलिस को उसका नाम मिला था, लेकिन उसका पता नहीं था। तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसका पता लगाया।

पुलिस से बचने के लिए शुभम ने अपने बाल कटवाकर पूरी तरह टकला लुक बना लिया था और कपड़े भी बदल लिए थे। मंगलवार को वह देवदर्शन के लिए जा रहा था, तभी पुलिस ने रास्ते में जाल बिछाकर उसे पकड़ लिया। नए लुक के कारण शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो पाई, लेकिन पुलिस ने सूझबूझ से उसे पहचान लिया और करीब एक घंटे में हिरासत में ले लिया।

जांच एजेंसियों को शक है कि 3 मई को होने वाली नीट परीक्षा का पेपर 1 मई को ही लीक हो गया था। शुभम ने कथित तौर पर यह प्रश्नपत्र 10 लाख रुपये में खरीदा और 15 लाख रुपये में आगे बेचा। इसके बाद यह पेपर इंस्टाग्राम पर लीक हो गया।

बताया जा रहा है कि पेपर की पहली कॉपी नासिक में लीक हुई, जिसके बाद यह हरियाणा पहुंची। वहां इसके 10 सेट तैयार किए गए और फिर बिहार, आंध्र प्रदेश और जम्मू-कश्मीर तक यह नेटवर्क फैल गया। इस मामले में अब तक देशभर से 16 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। राजस्थान का मनीष इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना बताया जा रहा है।

पेपर लीक के चलते 3 मई को आयोजित परीक्षा रद्द कर दी गई है। नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी। छात्रों के परीक्षा केंद्र पहले जैसे ही रहेंगे, लेकिन उन्हें नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।

Cheif Editor- Yusuf Patel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *