कापूरबावड़ी ट्रैफिक पुलिस की साहसी कार्रवाई; बेलगांव से चोरी हुई ‘किआ सेल्टोस’ कार जब्त

ठाणे : कापूरबावड़ी ट्रैफिक विभाग ने सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए बेलगांव से चोरी कर लाई गई ‘किआ सेल्टोस’ कार को जब्त करने में सफलता हासिल की। इस दौरान आरोपी चालक ने पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश भी की, जिससे कुछ समय के लिए घोडबंदर रोड इलाके में सनसनी फैल गई।
रविवार (10 मई) को गोल्डन क्रॉस इलाके में ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ चेकिंग के दौरान ट्रैफिक कंट्रोल रूम से कापूरबावड़ी ट्रैफिक पुलिस को एक संदिग्ध वाहन की सूचना मिली। बताया गया कि नवी मुंबई क्षेत्र से चोरी हुई KIA Seltos (KA 22 MC 8122) ठाणे की ओर आ रही है।
पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक) पंकज शिरसाट के मार्गदर्शन में पुलिसकर्मी अश्रू हाके, उपनिरीक्षक सागर सांगवे और उनकी टीम ने माजिवड़ा जंक्शन स्थित गोल्डन क्रॉस पर वाहन को रोकने की कोशिश की। लेकिन चालक ने पुलिस पर कार चढ़ाने का प्रयास करते हुए तेज रफ्तार में घोडबंदर रोड की ओर भागने की कोशिश की।
इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक डिलीवरी बॉय की पल्सर बाइक लेकर आरोपी का पीछा शुरू किया। मानपाड़ा, पातलीपाड़ा और वाघबीळ होते हुए विजय गार्डन मेट्रो स्टेशन तक करीब 7–8 किलोमीटर तक यह रोमांचक पीछा जारी रहा। इस दौरान आरोपी ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी।
आखिरकार विजय गार्डन सिग्नल के पास पुलिस ने कार को रोक लिया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिसकर्मी अश्रू हाके ने आरोपी का 2–3 किलोमीटर तक पैदल पीछा किया। पकड़ने की कोशिश में आरोपी की शर्ट पुलिस के हाथ लगी, लेकिन अंधेरे और इलाके की आड़ का फायदा उठाकर वह भाग निकला।
इस बीच जब्त की गई कार को कापूरबावड़ी ट्रैफिक विभाग में लाया गया। बाद में वाहन मालिक राहुल जाधव और बेलगांव पुलिस ठाणे पहुंचे और कार की पहचान की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद वाहन उन्हें सौंप दिया गया, ऐसी जानकारी पुलिस ने दी।

Cheif Editor- Yusuf Patel