राजनीतिताजा खबर

यह केवल नाकामी नहीं, युवाओं के भविष्य के साथ अपराध…NEET परीक्षा रद्द होने पर भड़के राहुल गांधी

NEET 2026 की परीक्षा रद्द होने पर राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि 22 लाख से ज़्यादा छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को इस भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था ने कुचल दिया। राहुल गांधी ने कहा कि किसी पिता ने कर्ज़ लिया, किसी माँ ने गहने बेचे, लाखों बच्चों ने रात-रात भर जागकर पढ़ाई की और बदले में मिला, पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और शिक्षा में संगठित भ्रष्टाचार।

अमृतकाल, देश के लिए विषकाल बन गया
राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सिर्फ़ नाकामी नहीं, युवाओं के भविष्य के साथ अपराध है। हर बार पेपर माफिया बच निकलते हैं और ईमानदार छात्र सज़ा भुगतते हैं। उन्होंने कहा कि अब लाखों छात्र फिर से वही मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ और अनिश्चितता झेलेंगे। अगर अपनी तकदीर परिश्रम से नहीं, पैसे और पहुँच से तय होगा, तो फिर शिक्षा का मतलब क्या रह जाएगा? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का तथाकथित अमृतकाल, देश के लिए विषकाल बन गया है।

पहले भी सरकार पर बोला था हमला
राहुल गांधी ने इससे एक दिन पहले ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा था, ‘नीट 2026 के पेपर लीक की खबर सुनी। परीक्षा नहीं, नीट अब नीलामी है। कई सवाल परीक्षा से 42 घंटे पहले वॉट्सऐप पर बिक रहे थे। 22 लाख से ज्यादा बच्चे साल भर रात-रात भर आंखें जलाकर पढ़ते रहे और एक रात में उनका भविष्य बाजार में सरेआम नीलाम हो गया।’ राहुल गांधी ने आगे कहा, यह पहली बार नहीं है। 10 साल में 89 पेपर लीक, 48 बार दोबारा परीक्षा। उन्होंने कहा कि हर बार वही वादे, और फिर वही खामोशी।

Cheif Editor- Yusuf Patel

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *