हाई लेवल मीटिंग के बाद फैसला, 21 जून को दोबारा होगी NEET परीक्षा

NEET-UG परीक्षा की नई तारीख का हो गया ऐलान, अब 21 जून को होगा री-एग्जाम, कल रात हुई थी हाई लेवल मीटिंग
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 को लेकर चल रहा सस्पेंस खत्म हो गया है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने नई तारीखों का ऐलान कर दिया है। अब 21 जून को नीट-यूजी की परीक्षा होगी।
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने भारत सरकार की मंजूरी के साथ, NEET-UG 2026 के री-एग्जाम की तारीखों की घोषणा की। अब यह परीक्षा रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों और अभिभावकों से अनुरोध किया गया है कि वे केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।
छात्रों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
सभी छात्रों के पास अब तैयारी करने के लिए करीब 1 महीने का समय है। ऐसे में छात्रों को रिवीजन और मॉक टेस्ट पर अपना ध्यान देना होगा। एग्जाम सेंटर की लिस्ट और अलॉटमेंट की जानकारी छात्रों को उनके द्वारा रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी पर प्राप्त होगी।
कल देर रात तक चली हाई लेवल मीटिंग
NEET-UG के पेपर लीक मामले को लेकर देश भर के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन चल रहा था। इस मामले की गंभीरता और छात्रों के भविष्य को देखते हुए गुरुवार रात केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर एक हाई लेवल मीटिंग की गई थी। नीट रीएग्जाम को लेकर हुई यह बैठक काफी देर तक चली थी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस दौरान चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षा के संचालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
इस बैठक में सचिव (उच्च शिक्षा) विनीत जोशी, सचिव (विद्यालय शिक्षा) संजय कुमार, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के महानिदेशक अभिषेक सिंह, CBSE के अध्यक्ष और केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) और नवोदय विद्यालय समिति (NVS) के आयुक्तों के साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। इस हाई लेवल मीटिंग के बाद आज नीट-यूजी के री-एग्जाम की घोषणा कर दी गई।
3 मई को हुई थी परीक्षा
आपको जानकारी दें, कि NEET-UG की मेडिकल प्रवेश परीक्षा 3 मई, 2026 को आयोजित की गई थी, और इसमें 2.2 मिलियन छात्रों ने भाग लिया था। पेपर लीक मामला सामने आने के बाद देश भर में विरोध शुरू हो गया था। परीक्षार्थी और अभिभावक री-एग्जाम के लिए सड़को पर उतर आए थे। इसलिए अब NTA री-एग्जाम आयोजित कर रहा है।

Cheif Editor- yusuf patel