अपराधराजनीति

नगरसेविका पर महिला के अपहरण का आरोप; कांग्रेस नेता सहित दामाद पर भांडुप थाने में मामला दर्ज

मुंबई – मुंबई के भांडुप इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। भांडुप के वार्ड नंबर 110 की कांग्रेस की पूर्व नगरसेविका आशा कोपरकर और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ भांडुप पुलिस थाने में अपहरण, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला दर्ज किया गया है। आशा कोपरकर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश कोपरकर की पत्नी हैं।

आरोप है कि एक महिला को उसके घर से जबरन अगवा कर अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला के संबंध को लेकर आशा कोपरकर के पति सुरेश कोपरकर पर संदेह था। इसी शक के चलते पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया गया। पीड़िता के मुताबिक, इस साजिश में नगरसेविका और उनके परिवार के सदस्यों ने मिलकर योजना बनाई।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने महिला को उसके घर से जबरन उठाया और अपहरण कर एक अज्ञात स्थान पर ले गए। वहां आशा कोपरकर, उनकी दो बेटियां, दामाद और बेटे ने मिलकर महिला से पूछताछ के नाम पर मारपीट की। इतना ही नहीं, घटना की जानकारी किसी को देने या पुलिस में शिकायत करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

इस पूरे मामले में परिवार के निजी ड्राइवर की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है, जिस पर आरोप है कि उसने आरोपियों की मदद की।

घटना के बाद किसी तरह वहां से निकलकर पीड़ित महिला सीधे भांडुप पुलिस थाने पहुंची और पूरी आपबीती सुनाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आशा कोपरकर, उनकी दो बेटियां, दामाद, बेटे और ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपहरण, अवैध रूप से बंधक बनाना, मारपीट और धमकी देने का केस दर्ज किया है।

भांडुप इलाके में सुरेश कोपरकर और आशा कोपरकर का मजबूत राजनीतिक प्रभाव माना जाता है। ऐसे में इस प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार पर लगे गंभीर आरोपों से मुंबई की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। साथ ही, इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर कांग्रेस पार्टी को भी विरोध का सामना करना पड़ सकता है।

Cheif Editor- Yusuf Patel

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *