CrimeFeature News

ईडी का बड़ा एक्शन: 9.29 करोड़ की 6 संपत्तियां जब्त, कुटे दंपति पर शिकंजा कसता जा रहा

मुंबई : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र में 9.29 करोड़ रुपए की छह अचल संपत्तियों को कब्जे में ले लिया है। यह कार्रवाई 18 और 19 अप्रैल को की गई, जिसमें खारघर (मुंबई) और पुणे में स्थित संपत्तियां शामिल हैं। ये संपत्तियां सुरेश कुटे, अर्चना कुटे और उनसे जुड़ी संस्थाओं के नाम पर दर्ज थीं।

बताया गया है कि इन संपत्तियों को पहले 24 सितंबर 2024 को अस्थायी रूप से अटैच किया गया था, जिसे 3 मार्च 2025 को ईडी की एडजुडिकेटिंग अथॉरिटी ने मंजूरी दे दी थी।

यह मामला महाराष्ट्र के अलग-अलग पुलिस थानों में दर्ज कई एफआईआर के आधार पर सामने आया है। आरोप है कि ज्ञानराधा मल्टीस्टेट को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड के जरिए निवेशकों को 12 से 14 प्रतिशत तक रिटर्न का लालच देकर भारी रकम जुटाई गई, लेकिन बाद में भुगतान नहीं किया गया या अधूरा किया गया।

ईडी की जांच में खुलासा हुआ कि करीब 2,467 करोड़ रुपए का फंड ‘लोन’ के नाम पर कुटे ग्रुप की कंपनियों में ट्रांसफर किया गया, जो सुरेश कुटे और उनकी पत्नी अर्चना कुटे के नियंत्रण में थीं। जांच में यह भी सामने आया कि यह रकम बिना पर्याप्त दस्तावेज या सुरक्षा के जारी की गई और इसका इस्तेमाल निजी लाभ के लिए किया गया।

इस मामले में ईडी अब तक कई ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है और बड़ी मात्रा में संपत्तियां जब्त या फ्रीज की गई हैं। कुल मिलाकर अब तक 1,627.86 करोड़ रुपए की संपत्ति पर कार्रवाई हो चुकी है।

इससे पहले सुरेश कुटे को गिरफ्तार कर विशेष पीएमएलए कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया है। वहीं, अर्चना कुटे को भी 2 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया गया था और फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में हैं।

ईडी का कहना है कि यह कार्रवाई संपत्तियों को बेचने या ट्रांसफर करने से रोकने के लिए की गई है। मामले की जांच अभी जारी है।

Chief Editor – Yusuf Patel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *