मालाड में कुत्ते पर अत्याचार, आरोपी गिरफ्तार

मुंबई – मुंबई के मालाड पश्चिम स्थित ऑर्लेम इलाके में एक कुत्ते पर अत्याचार की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इस मामले में मालाड पुलिस ने नरेश राजाराम चांदुलकर (45) के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, डॉ. नीलिमा वेटरनिटी क्लिनिक के एनिमल हैंडलर महेश यादव ने इस घटना की शिकायत दर्ज कराई। 26 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे, रुक्साना शेख अपनी बिल्ली का इलाज करवाकर क्लिनिक से बाहर निकलीं। तभी उन्होंने देखा कि क्लिनिक के पास फुटपाथ पर एक व्यक्ति कुत्ते के साथ अत्याचार कर रहा है।
यह कुत्ता पास की एक दूध डेयरी के मालिक का बताया जा रहा है। जब महेश यादव और रुक्साना शेख ने आरोपी से पूछताछ की, तो वह उल्टा उन पर चिल्लाने लगा। शोर सुनकर क्लिनिक के अन्य कर्मचारी भी बाहर आ गए और कुत्ते के मालिक को बुलाया गया।
इसके बाद क्लिनिक की जुई कुडतरकर ने पुलिस के 100 नंबर पर कॉल कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मालाड पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।