मालवणी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹1.15 करोड़ की व्हेल मछली की उल्टी (एंबरग्रीस) जब्त, 24 वर्षीय युवक गिरफ्तार

मुंबई: मुंबई के मालवणी पुलिस स्टेशन ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी और साहसिक कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब ₹1 करोड़ 15 लाख 70 हजार कीमत की व्हेल मछली की उल्टी (एंबरग्रीस) बरामद की है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि एक युवक प्रतिबंधित वस्तु की तस्करी के लिए मालाड पश्चिम इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर जाल बिछाकर पुलिस ने अदनान आसिफ खान (24) को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1.157 किलोग्राम वजन की व्हेल मछली की उल्टी बरामद हुई।
आरोपी अदनान, बोरिवली पूर्व के कुलपवाड़ी, राईटेकड़ी, शिवशक्ति चाल का निवासी है और एक निजी कंपनी में कार्यरत है।
पुलिस जांच में सामने आया कि जब्त एंबरग्रीस का सौदा ₹1 करोड़ 15 लाख 70 हजार में तय हुआ था। आरोपी इसे अवैध रूप से बेचने के लिए मालाड पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
गौरतलब है कि ‘स्पर्म व्हेल’ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची-1 में शामिल एक अत्यंत संरक्षित प्रजाति है। इसके किसी भी अंग या उत्पाद की खरीद-फरोख्त करना गंभीर और गैर-जमानती अपराध है।
इस मामले में मालवणी पुलिस ने अपराध क्रमांक 707/2026 के तहत आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 118(2) तथा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 2, 39, 44, 48(ए), 49(बी), 57 और 51 के तहत मामला दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इसके पीछे कोई अंतरराष्ट्रीय गिरोह सक्रिय है या नहीं तथा यह माल कहां से लाया गया था।

Chief Editor – Yusuf Patel